नारदजी का आना और स्तुति करके ब्रह्मलोक को लौट जाना
देवर्षि नारद प्रभु के दर्शन करके उनकी महिमा का गान करते हैं। स्तुति पूर्ण कर वे ब्रह्मलोक को लौट जाते हैं।
उत्तरकाण्ड · प्रकरण ११ / २१
प्रकरण पाठ
मामवलोकय पंकज लोचन। कृपा बिलोकनि सोच बिमोचन॥ नील तामरस स्याम काम अरि। हृदय कंज मकरंद मधुप हरि॥ १ ॥
अर्थ:
कृपापूर्वक देख लेने मात्र से शोक के छुड़ानेवाले हे कमलनयन ! मेरी ओर देखिये (मुझपर भी कृपादृष्टि कीजिये)। हे हरि! आप नील कमल के समान श्यामवर्ण और कामदेव के शत्रु महादेवजी के हृदयकमल के मकरन्द (प्रेम-रस) के पान करनेवाले भ्रमर हैं।
जातुधान बरूथ बल भंजन। मुनि सज्जन रंजन अघ गंजन॥ भूसुर ससि नव बृंद बलाहक। असरन सरन दीन जन गाहक॥ २ ॥
अर्थ:
आप राक्षसों की सेना के बल को तोड़नेवाले हैं। मुनियों और संतजनों को आनन्द देनेवाले और पापों के नाश करनेवाले हैं। ब्राह्मणरूपी खेती के लिये आप नये मेघसमूह हैं और शरणहीनों को शरण देनेवाले तथा दीन जनों को अपने आश्रय में ग्रहण करनेवाले हैं।
भुज बल बिपुल भार महि खंडित। खर दूषन बिराध बध पंडित॥ रावनारि सुखरूप भूपबर। जय दसरथ कुल कुमुद सुधाकर॥ ३ ॥
अर्थ:
अपने बाहुबल से पृथ्वी के बड़े भारी बोझ को नष्ट करनेवाले, खर-दूषण और विराध के वध करने में कुशल, रावण के शत्रु, आनन्दस्वरूप, राजाओं में श्रेष्ठ और दशरथ के कुलरूपी कुमुदिनी के चन्द्रमा श्रीरामजी! आपकी जय हो।
सुजस पुरान बिदित निगमागम। गावत सुर मुनि संत समागम॥ कारुनीक ब्यलीक मद खंडन। सब बिधि कुसल कोसला मंडन॥ ४ ॥
अर्थ:
आपका सुन्दर यश पुराणों, वेदों में और तन्त्रादि शास्त्रों में प्रकट है। देवता, मुनि और संतों के समुदाय उसे गाते हैं। आप करुणा करनेवाले और झूठे मद का नाश करनेवाले, सब प्रकार से कुशल (निपुण) श्रीअयोध्याजी के भूषण ही हैं।